औरंगाबाद में छात्रा से बदसलूकी का आरोप, ग्रामीणों ने शिक्षक की पिटाई की

Allegations of Misconduct Against Female Student in Aurangabad; Villagers Beat Up Teacher

बिहार के औरंगाबाद जिले के गोह प्रखंड स्थित उपहारा आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय में एक शिक्षक पर छात्रा के साथ कथित बदसलूकी का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया।

मामला उपहारा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि स्कूल के शिक्षक राहुल ने उसे ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) देने के बहाने अपने घर बुलाया था। छात्रा के अनुसार, स्कूल की एक शिक्षिका ने उसकी मां को फोन कर राहुल के घर जाने को कहा था और बताया था कि टीसी वही देंगे।

छात्रा का आरोप है कि जब वह शिक्षक के घर पहुंची तो राहुल ने उसका हाथ पकड़ लिया और उससे अनुचित व्यवहार किया। छात्रा ने बताया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे चॉकलेट देकर किसी को बात न बताने के लिए कहा। इसके बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी परिजनों को दी।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और लोगों ने आरोपी शिक्षक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह आरोपी को भीड़ से बाहर निकाला और हिरासत में लिया।

पीड़िता के परिवार ने स्कूल प्रशासन और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्कूल के प्रिंसिपल ने बताया कि छात्रा पहले भी इस तरह की शिकायत लेकर आई थी। उन्होंने कहा कि टीसी हमेशा विद्यालय से ही जारी किया जाता है, किसी शिक्षक के घर से नहीं।

दूसरी ओर आरोपी शिक्षक राहुल ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment