नई दिल्ली/अमृतसर: जनवरी 2025 में अमृतसर की गुमटाला पुलिस चौकी पर हुए ग्रेनेड हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ा कदम उठाया है। एजेंसी ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े पंजाब और हरियाणा के 15 ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, पठानकोट, कपूरथला, रूपनगर और हरियाणा के सिरसा जिले में की गई।
NIA की टीमों ने इन स्थानों से मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और संदिग्ध दस्तावेज जब्त किए हैं। यह ग्रेनेड हमला उत्तर भारत में पुलिस ठिकानों पर किए जाने वाले हमलों की एक बड़ी साजिश का हिस्सा था। इसकी जिम्मेदारी BKI सदस्य हैप्पी पासियां ने ली थी।
जांच में सामने आया है कि इस हमले की फंडिंग अमेरिका में रहने वाले सरवन सिंह उर्फ भोला ने की थी। भोला ने यह पैसे बग्गा सिंह उर्फ रिंकू और मनदीप सिंह मग्गा को भेजे थे। बग्गा को फरवरी 2025 में गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि मनदीप अब भी फरार है।
NIA ने इस मामले की आधिकारिक जांच अप्रैल 2025 में शुरू की थी। एजेंसी ने अमेरिका में रह रहे भोला और उसके भाई मक्का के ठिकानों पर भी छापे मारे थे। भोला और मक्का, कुख्यात ड्रग तस्कर रंजीत सिंह उर्फ चीता के भाई हैं। चीता को करीब पांच साल पहले सिरसा से गिरफ्तार किया गया था और उस पर अफगानिस्तान से पाकिस्तान होते हुए पंजाब लाए गए 532 किलो हेरोइन की तस्करी का आरोप है।
भोला पहले से ही एक नार्को-टेरर केस में आरोपी है।