अहमदाबाद: शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहमदाबाद पहुंचे और उन्होंने हाल ही में हुए विमान हादसे के स्थल का दौरा किया। इसके बाद प्रधानमंत्री ने सिविल अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने हादसे में बचे यात्री विश्वास कुमार से भी व्यक्तिगत रूप से बातचीत की।
प्रधानमंत्री मोदी के दौरे से एक रात पहले, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अहमदाबाद में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें राहत और बचाव कार्यों की स्थिति का मूल्यांकन किया जाएगा।
वहीं, घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एनडीआरएफ की टीमें लगातार राहत और तलाशी अभियान में जुटी हैं। इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया है और स्निफर डॉग्स की टीम भी तलाशी कार्य में लगाई गई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा,
“अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं, जो प्रभावित लोगों की सहायता के लिए कार्य कर रहे हैं।”
घटनास्थल पर मौजूद एक एनडीआरएफ जवान ने बताया कि, “जो लोग मलबे में दबे थे और बाहर जल चुके थे, उन्हें निकाल लिया गया है। अब तलाशी अभियान इमारत के अंदर केंद्रित किया गया है। बाहर का सारा इलाका साफ कर लिया गया है।”
प्रत्यक्षदर्शी सूरज ने बताया, “गुरुवार दोपहर करीब 1:40 बजे अचानक धमाका हुआ, तो हम डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। हमारा घर घटनास्थल के पास ही है। कुछ ही मिनटों में पुलिस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत कार्य शुरू कर दिया गया।”
दूसरी ओर, विजय मेडिकल कॉलेज में मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बड़ी संख्या में लोग अपने परिजनों की पहचान के लिए सैंपल जमा करा रहे हैं।
यह हादसा देश के लिए एक दर्दनाक क्षण है, और राहत कार्य तेजी से जारी है।