पुरुषों में एंड्रोपॉज: लक्षण, कारण और समाधान

Andropause in Men: Symptoms, Causes and Solutions

महिलाओं के रजोनिवृत्ति के बारे में चर्चा तो अक्सर होती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि पुरुषों में भी एक समान प्रक्रिया होती है? इसे एंड्रोपॉज कहा जाता है, जो उम्र बढ़ने के साथ हार्मोनल बदलावों से संबंधित है। लेकिन यह महिलाओं के रजोनिवृत्ति के जैसा नहीं होता। इस पर विस्तार से जानकारी देने के लिए आईएएनएस ने दिल्ली स्थित सी.के. बिरला अस्पताल के यूरोलॉजी विभाग के निदेशक, डॉ. समीर खन्ना से बातचीत की।

एंड्रोपॉज क्या है?
डॉ. खन्ना के अनुसार, एंड्रोपॉज एक ऐसी अवस्था है जिसमें पुरुषों के शरीर में टेस्टोस्टेरोन हार्मोन का स्तर धीरे-धीरे घटने लगता है। यह प्रक्रिया आमतौर पर 50 साल की उम्र के आसपास शुरू होती है और धीरे-धीरे वर्षों तक जारी रहती है। हालांकि, यह प्रजनन क्षमता पर कोई प्रभाव नहीं डालता है, जैसा कि महिलाओं में रजोनिवृत्ति के दौरान होता है।

एंड्रोपॉज के लक्षण
एंड्रोपॉज के कुछ सामान्य लक्षणों में थकान, कामेच्छा में कमी, मूड स्विंग, मांसपेशियों में कमी, और शरीर में वसा की वृद्धि शामिल हैं। ये लक्षण टेस्टोस्टेरोन के घटते स्तर के कारण होते हैं, लेकिन जीवनशैली की आदतें, तनाव और पुरानी बीमारियों का भी इन पर प्रभाव हो सकता है।

क्या इसे लेकर चिंता की जरूरत है?
डॉ. खन्ना के मुताबिक, पुरुषों को एंड्रोपॉज के बारे में जानकारी होना जरूरी है, लेकिन इससे घबराने की जरूरत नहीं है। यह उम्र बढ़ने का एक स्वाभाविक हिस्सा है। अधिकांश पुरुषों को इसके हल्के लक्षण ही महसूस होते हैं, लेकिन जिन पुरुषों को अधिक परेशानी होती है, उन्हें विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए। रक्त परीक्षण से टेस्टोस्टेरोन के स्तर का पता चल सकता है, और यदि स्तर बहुत कम हो तो टेस्टोस्टेरोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (टीआरटी) एक विकल्प हो सकती है। हालांकि, टीआरटी का उपयोग केवल डॉक्टर की देखरेख में ही करना चाहिए, क्योंकि इसके कुछ जोखिम भी होते हैं, जैसे कि हृदय और प्रोस्टेट समस्याएं।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह
डॉ. खन्ना ने पुरुषों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी है। नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, तनाव प्रबंधन, और धूम्रपान या शराब से बचना एंड्रोपॉज के लक्षणों को कम कर सकता है। इसके अलावा, नियमित स्वास्थ्य जांच से स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या का समय पर पता चल सकता है।

इस प्रकार, एंड्रोपॉज एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इसके प्रभावों से निपटने के लिए सही जानकारी और देखभाल जरूरी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment