दिसपुर: पूर्वोत्तर के राज्य असम की राजनीति में इन दिनों एक नया विवाद तूल पकड़ रहा है। भाजपा ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न पर आरोप लगाया है कि उनके कथित संबंध पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख से हैं, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट माना जा रहा है। इस विवाद ने 20 फरवरी, गुरुवार को असम विधानसभा में भी हलचल मचा दी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने विधानसभा में कहा कि सरकार तीन महीने के भीतर अली तौकीर शेख के नेटवर्क को बेनकाब करेगी और सभी तथ्यों को विधानसभा के सामने पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा, “हमें तीन महीने का समय दीजिए, हम तथ्यों के साथ विधानसभा में लौटेंगे।”
मुख्यमंत्री सरमा ने यह भी कहा कि उन्हें अनौपचारिक रूप से तथ्यों की जानकारी दी गई है, लेकिन इन तथ्यों को आधिकारिक रूप से सामने लाना बाकी है। उन्होंने कहा कि जब इन तथ्यों का खुलासा होगा, तो यह सबके लिए चौंकाने वाला होगा।
बताया जा रहा है कि अली तौकीर शेख का संबंध पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई से है, और भाजपा का आरोप है कि गोगोई की पत्नी एलिजाबेथ कोलबर्न भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल रही हैं।
गौरतलब है कि एलिजाबेथ कोलबर्न एक ब्रिटिश नागरिक हैं और उन्होंने अली शेख के तहत एक संगठन में काम किया है, जिस पर आईएसआई के एजेंडे को बढ़ावा देने का आरोप है। इसके अलावा भाजपा यह भी सवाल उठा रही है कि गोगोई की पत्नी ने शादी के 12 साल बाद भी भारतीय नागरिकता क्यों नहीं ली।
इस मामले में असम पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। असम के डीजीपी ने एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है, जिसकी अगुवाई आईपीएस अधिकारी एमपी गुप्ता करेंगे, और इसमें आईपीएस प्रणबज्योति गोस्वामी, मोइत्रयी डेका और रोजी कलिता भी शामिल हैं।
(इनपुट- आईएएनएस)