दिल्ली के मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा किया, आयुष्मान योजना को मंजूरी

Delhi Chief Minister Rekha Gupta distributed departments among ministers, approved Ayushman Yojana

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार, 20 फरवरी को अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने पास वित्त, सेवा, सतर्कता, राजस्व, महिला एवं बाल विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग रखे हैं। नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल को हराने वाले प्रवेश वर्मा को पीडब्ल्यूडी, जल, विधायी मामले, सिंचाई, बाढ़ नियंत्रण और गुरुद्वारा चुनाव विभाग दिए गए हैं।

आशीष सूद को गृह, बिजली, शहरी विकास, शिक्षा, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण और तकनीकी शिक्षा विभाग सौंपे गए हैं। कपिल मिश्रा को कानून और न्याय, श्रम और रोजगार, कला, संस्कृति, भाषा और पर्यटन का जिम्मा दिया गया है। मनजिंदर सिंह सिरसा को उद्योग, वन और पर्यावरण, खाद्य और आपूर्ति विभाग का प्रभार सौंपा गया है। पंकज सिंह को स्वास्थ्य, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग सौंपे गए हैं, जबकि रविंदर इंद्राज को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण, सहकारिता और चुनाव मंत्री बनाया गया है।

पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी
गुरुवार को शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में दिल्ली सरकार की पहली कैबिनेट बैठक हुई। इस बैठक में आयुष्मान योजना को मंजूरी दी गई। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि पिछली सरकार ने सीएजी की 14 रिपोर्ट सदन में पेश नहीं की थी, और इन रिपोर्ट्स को सदन की पहली बैठक में पेश किया जाएगा।

20 फरवरी को उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उनके कैबिनेट सहयोगियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री भी उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि भारतीय जनता पार्टी 27 साल बाद दिल्ली की सत्ता में वापस आई है। सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। रेखा गुप्ता ने शालीमार बाग विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी की बंदना कुमारी को 29,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराया था।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment