नई दिल्ली: राज्यसभा में कार्यकाल पूरा कर रहे सांसदों की विदाई के अवसर पर जहां माहौल भावुक और गंभीर रहा, वहीं कुछ हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले। इस दौरान प्रधानमंत्री Narendra Modi समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने अपने विचार साझा किए।
समारोह के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने पूर्व प्रधानमंत्री H. D. Deve Gowda को शुभकामनाएं देते हुए एक मजाकिया टिप्पणी कर दी, जिससे पूरा सदन ठहाकों से गूंज उठा। यहां तक कि पीएम मोदी भी अपनी हंसी नहीं रोक सके।
खरगे ने कहा, “मैं देवेगौड़ा जी को पिछले 54 साल से जानता हूं और लंबे समय तक उनके साथ काम किया है। उन्होंने मोहब्बत हमारे साथ की, लेकिन शादी मोदी साहब के साथ कर ली।” इस टिप्पणी पर सदन में जोरदार ठहाके लगे।
#WATCH | Delhi | On Former Prime Minister and Rajya Sabha MP, HD Deve Gowda, Congress National President and LoP, Rajya Sabha, Mallikarjun Kharge says, "…I know Deve Gowda ji for more than 54 years and I worked with him a lot. Later, I don't know what happened…' Wo mohabbat… pic.twitter.com/FTyNLCQIzB
— ANI (@ANI) March 18, 2026
इसके बाद खरगे ने केंद्रीय मंत्री Ramdas Athawale पर भी हल्का तंज कसा। उन्होंने कहा कि अठावले अपनी कविताओं के जरिए अक्सर प्रधानमंत्री की तारीफ करते हैं और ऐसा लगता है कि उन्हें इसके अलावा कोई और कविता नहीं आती। इस पर भी सदन में हंसी का माहौल बन गया।
इससे पहले पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कार्यकाल पूरा कर रहे सांसदों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सेवा का भाव कभी खत्म नहीं होता और राजनीति में कोई पूर्ण विराम नहीं होता।
खरगे ने भी अपने संबोधन में कहा कि जो लोग सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहते हैं, वे देश सेवा के जज्बे के कारण न थकते हैं और न ही वास्तव में रिटायर होते हैं। इस विदाई समारोह में जहां अनुभवी सांसदों के योगदान को याद किया गया, वहीं नेताओं के हल्के-फुल्के अंदाज ने माहौल को यादगार बना दिया।