बेंगलुरु: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह (ए.पी. सिंह) ने शनिवार को बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत ने पाकिस्तान के पांच लड़ाकू विमानों को मार गिराया था। बेंगलुरु में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ‘एस-400’ की सफलता और सटीकता की जानकारी साझा की।
एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल एयरक्राफ्ट भी हुआ ढेर
एयर चीफ मार्शल ने बताया कि भारत ने एक पाकिस्तानी एयरबोर्न वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम एयरक्राफ्ट को भी मार गिराया था। एस-400 सिस्टम ने 300 किलोमीटर दूर से दुश्मन के विमानों को निशाना बनाकर ढेर किया। यह पहली बार है जब भारतीय वायुसेना ने आधिकारिक रूप से पांच पाकिस्तानी फाइटर जेट गिराने की पुष्टि की है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के सबूत प्रस्तुत
कार्यक्रम के दौरान एयर चीफ मार्शल सिंह ने हमले से पहले और बाद की सैटेलाइट तस्वीरें दिखाईं, जिनमें पाकिस्तान में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को पूरी तरह से तबाह होते हुए देखा जा सकता है। उन्होंने कहा, “यह बहावलपुर स्थित जैश-ए-मोहम्मद के मुख्यालय पर की गई कार्रवाई के पहले और बाद की तस्वीरें हैं। आप साफ़ देख सकते हैं कि हमारा लक्ष्य कितना सटीक था और आसपास की इमारतों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।”
स्थानीय मीडिया से भी मिली पुष्टि
वायुसेना प्रमुख ने बताया कि भारत के पास सिर्फ सैटेलाइट से ली गई तस्वीरें ही नहीं, बल्कि स्थानीय मीडिया के माध्यम से सामने आई अंदरूनी तस्वीरें और जानकारी भी मौजूद हैं, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रभावशीलता और सफलता को और पुख्ता किया।
एयर डिफेंस सिस्टम की ताकत का प्रदर्शन
इस पूरे ऑपरेशन में एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम की भूमिका को बेहद निर्णायक बताया गया। यह प्रणाली 300 किलोमीटर तक दुश्मन के विमानों को निशाना बनाने में सक्षम है और इस ऑपरेशन में उसने अपनी सटीकता और मारक क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया।
रणनीतिक सफलता और आतंक के खिलाफ कड़ा संदेश
‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारतीय सुरक्षा रणनीति की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। यह सिर्फ पाकिस्तान को ही नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ एक कड़ा और स्पष्ट संदेश भी है कि भारत अपनी संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के लिए कड़े और निर्णायक कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।