उप-राष्ट्रपति चुनाव 2025: गैर-कांग्रेसी उम्मीदवार उतारने की तैयारी में ‘इंडी’ गठबंधन

Vice-Presidential Election 2025: 'Indi' alliance preparing to field a non-Congress candidate

नई दिल्ली: देश के उपराष्ट्रपति पद के लिए आगामी 9 सितंबर को मतदान होना है, और इसके चलते राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही संभावित उम्मीदवारों के नामों पर गहन विचार-विमर्श कर रहे हैं। इसी बीच जानकारी मिली है कि विपक्षी गठबंधन ‘INDIA’ इस बार उपराष्ट्रपति चुनाव में एक गैर-कांग्रेसी उम्मीदवार उतारने पर गंभीरता से विचार कर रहा है।

विपक्ष को एकजुट करने की रणनीति
सूत्रों के अनुसार, इस रणनीति का मुख्य उद्देश्य सभी विपक्षी दलों को एकजुट करना है ताकि भाजपा विरोधी वोटों का विभाजन रोका जा सके और विपक्ष एक साझा ताकत के रूप में सामने आ सके। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के भी कम से कम 11 वोट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं, जो समीकरण को प्रभावित कर सकते हैं।

राहुल गांधी के आवास पर हुई बैठक
गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर एक डिनर बैठक हुई, जिसमें विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। बैठक में उपराष्ट्रपति चुनाव पर खास चर्चा हुई। इस दौरान सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, फारूक अब्दुल्ला, अभिषेक बनर्जी, डेरेक ओ’ब्रायन और माकपा नेता एम.ए. बेबी सहित कुल 14 वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

पिछली गलती नहीं दोहराने पर जोर
बैठक में मौजूद एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पिछली बार की गलती नहीं दोहराई जानी चाहिए। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा का उदाहरण देते हुए कहा कि तब तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस उम्मीदवार का समर्थन नहीं किया था, जिससे विपक्ष की एकता पर सवाल उठे थे। इस बार तृणमूल कांग्रेस ने संकेत दिया है कि वह अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी, जिससे विपक्षी एकता की संभावनाएं प्रबल हो गई हैं।

सामूहिक निर्णय की ओर कदम
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहले ही मीडिया को बता चुके हैं कि उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर इंडी गठबंधन सामूहिक रूप से फैसला लेगा। गुरुवार की बैठक में अधिकांश नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई कि गठबंधन को एकजुट होकर चुनाव लड़ना चाहिए। कुछ नेताओं ने यह भी तर्क दिया कि भले ही NDA के पास बहुमत हो, विपक्ष को चुनाव संख्या नहीं, विचारधारा और एकजुटता के आधार पर लड़ना चाहिए।

जल्द होगा उम्मीदवार के नाम का ऐलान
संभावना है कि उम्मीदवार के नाम को लेकर अंतिम निर्णय अगले कुछ दिनों में लिया जाएगा। अब सबकी निगाहें इंडी गठबंधन की अगली बैठक पर टिकी हैं, जिसमें इस मुद्दे पर अंतिम मुहर लगाई जा सकती है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment