हैदराबाद: तेलंगाना सरकार ने तेलंगाना बेवरेजेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (TGBCL) को बीयर और शराब की कीमतों में 15% तक वृद्धि करने की अनुमति दे दी है। यह फैसला ब्रुअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के अनुरोध पर लिया गया है, जिसने बढ़ती उत्पादन लागत और कम कीमतों की वजह से कंपनियों को हो रहे नुकसान का हवाला दिया था।
तेलंगाना बना साउथ इंडिया का सबसे महंगा राज्य
बीयर की कीमतों में वृद्धि के बाद तेलंगाना दक्षिण भारत के सबसे महंगे राज्यों में शामिल हो गया है। इस बढ़ोतरी के बाद 650 मिलीलीटर की बीयर की बोतल की कीमत 170-180 रुपये तक पहुंच सकती है। यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड (UBL) ने बताया कि 2019-20 से कीमतों में संशोधन नहीं किया गया था, जिससे कंपनियों को भारी नुकसान हो रहा था।
देर रात जारी हुआ बढ़ोतरी का आदेश
शुक्रवार देर रात तेलंगाना के प्रमुख सचिव (रेवेन्यू) एस.ए.एम. रिजवी ने TGBCL के प्रबंध निदेशक को मूल्य निर्धारण समिति की सिफारिशों को लागू करने का निर्देश दिया। सरकार की मंजूरी मिलने के बाद संशोधित बीयर MRP तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
UBL ने रोकी थी आपूर्ति
सूत्रों के मुताबिक, ब्रुअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) ने पहले ही तेलंगाना सरकार से बीयर उत्पादन लागत बढ़ने को लेकर शिकायत की थी। वहीं, यूनाइटेड ब्रुअरीज ने बीते महीने बकाया भुगतान न होने के कारण कुछ समय के लिए अपनी आपूर्ति रोक दी थी। इन सबके बीच सरकार ने आखिरकार कीमतें बढ़ाने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि इससे पहले 2019 में तेलंगाना में बीयर की कीमतों में वृद्धि की गई थी। अब देखना होगा कि इस फैसले से राज्य में शराब और बीयर की बिक्री पर क्या असर पड़ता है।