2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे जारी हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन जीत का जश्न अब भी जारी है। इसी कड़ी में बिहार के बेगूसराय जिले में अपार जीत का भव्य उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘जोड़ी मोदी-नीतीश के हिट हो गईल’ गीत पर गमछा लहराकर खुशी का इजहार किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी मंच से गमछा लहराते हुए जीत का जश्न मनाया। नेताओं को उत्साह में झूमता देख मंच के सामने बैठे कार्यकर्ता भी खुद को रोक नहीं पाए और गाने की धुन पर जमकर ठुमके लगाए।
सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि अब जनता के भरोसे का दौर बदल चुका है और आने वाले समय में पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वहां भाजपा की सरकार बनेगी। पश्चिम बंगाल में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) मुद्दे पर उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग आगामी चुनावों में अवैध बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें बाहर करेगा। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जनता का भरोसा कमजोर पड़ चुका है।
डॉ. प्रेम कुमार ने बांग्लादेश में हिंदू समाज पर हो रहे अत्याचारों और हिंसक घटनाओं पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इन घटनाओं को दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताते हुए कहा कि वहां की सरकार की संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी है कि वह हिंदू समाज की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। उन्होंने कहा कि हिंदू समुदाय को निशाना बनाया जाना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है और भारत की भावनाओं का सम्मान करते हुए बांग्लादेश सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए।
दरअसल, यह आयोजन तेघरा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक रजनीश कुमार के नेतृत्व में हर्ष गार्डन परिसर में आयोजित अभिनंदन सह कार्यकर्ता सम्मान समारोह के रूप में हुआ। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। समारोह के दौरान विधायक रजनीश कुमार का फूल-मालाओं और अंगवस्त्र से भव्य स्वागत किया गया, वहीं विभिन्न पंचायतों और प्रखंडों से आए कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में विधायक रजनीश कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने तेघरा विधानसभा के विकास में कार्यकर्ताओं के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार जैसे मुद्दों पर प्राथमिकता के साथ काम किया जा रहा है और आने वाले समय में क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाया जाएगा।