जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने एक बड़ी आतंकी साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। शनिवार को श्रीनगर-बारामूला हाईवे पर उत्तरी कश्मीर के सोपोर क्षेत्र में हाइगाम के पास एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही सेना, सीआरपीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। एहतियात के तौर पर हाईवे के दोनों ओर यातायात तुरंत रोक दिया गया और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया।
सुरक्षा बलों ने बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वाड को मौके पर बुलाया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, टीम ने IED को सुरक्षित रूप से कब्जे में लिया और जांच के बाद नियंत्रित तरीके से उसे नष्ट कर दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए अफरातफरी की स्थिति रही, हालांकि किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है।
अधिकारियों ने बताया कि IED किसने और कब लगाया, इसकी जांच की जा रही है। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।