पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में साठी थाना क्षेत्र के अंतर्गत वाहन जांच के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें कुछ लोग पुलिसकर्मियों से बहस करते और धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
इस मामले में साठी थाना में पदस्थापित अवर निरीक्षक अमरजीत कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एफआईआर में चार नामजद आरोपियों के साथ कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतवरिया गांव निवासी राज किशोर साह के पुत्र लड्डू साह और हरिओम साह के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, साठी थाना की टीम सतवरिया पेट्रोल पंप के पास वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान लड्डू साह पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा। भागते समय वह सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू की।
इसी बीच लड्डू साह के कुछ साथी मौके पर पहुंच गए और पुलिसकर्मियों से उलझते हुए हाथापाई करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की की और चालान काटने में उपयोग की जाने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हुई इस घटना से कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो अन्य आरोपी फरार हो गए। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष राजन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर हमला गंभीर अपराध है और इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।