बिहार में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव सिंह राणा ने अपनी ही सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था के लिए सीधे तौर पर गृह विभाग और गृह मंत्री सम्राट चौधरी को जिम्मेदार ठहराया है।
बेगूसराय में हाल ही में हुई एक सनसनीखेज हत्या की घटना के बाद जिले की सियासत गरमा गई है। इस मामले को लेकर युवा जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव सिंह राणा ने कहा कि जब से गृह मंत्रालय की जिम्मेदारी सम्राट चौधरी को सौंपी गई है, तब से अपराधियों के हौसले बुलंद हो गए हैं और वे पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं।
गौरव सिंह राणा ने आरोप लगाया कि पूरे बिहार में अपराधियों का खुलेआम आतंक है। उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी से गृह मंत्रालय संभल नहीं रहा है, ऐसे में उन्हें नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक गृह मंत्रालय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास था, तब तक राज्य में इस तरह की लगातार हत्याएं देखने को नहीं मिलती थीं।
एनडीए सरकार में शामिल दल के वरिष्ठ नेता द्वारा इस तरह का बयान सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। विपक्ष पहले से ही कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेर रहा है और अब सत्ता पक्ष के भीतर से उठी यह आवाज सरकार के लिए नई चुनौती बन सकती है। अब सभी की निगाहें इस पर टिकी हैं कि जदयू नेता के बयान पर भाजपा की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है।