बिहार के भागलपुर स्थित प्रमुख सार्वजनिक स्थल सैंडिस कंपाउंड में अचानक दर्जनों कौवों के मृत पाए जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्विमिंग पूल के सामने बड़ी संख्या में कौवों के शव पड़े मिले। सुबह टहलने और व्यायाम करने पहुंचे लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले नवगछिया क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत की खबर सामने आई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद बर्ड फ्लू की आशंका जताई जा रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सुबह मैदान में आने वाले नागरिकों ने कहा कि खुले सार्वजनिक स्थल पर इस तरह पक्षियों की असामान्य मौत गंभीर चिंता का विषय है। लोगों ने मृत पक्षियों को तुरंत सुरक्षित तरीके से हटाने और पूरे इलाके को सैनिटाइज करने की मांग की है। आरोप है कि घटना के बाद भी जिला प्रशासन, नगर निगम या स्मार्ट सिटी की टीम मौके पर नहीं पहुंची। भय के कारण कई लोगों ने फिलहाल उस क्षेत्र में जाना कम कर दिया है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पक्षियों की असामान्य मौत हो रही है तो पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग को तत्काल सैंपल लेकर जांच करनी चाहिए। समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं तो संभावित संक्रमण को रोका जा सकता है। फिलहाल शहरवासियों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं और यह सवाल उठ रहा है कि क्या बर्ड फ्लू की आशंका की पुष्टि के लिए वैज्ञानिक जांच कराई जाएगी।