कटिहार: अग्निकांड पीड़ितों का फूटा गुस्सा, तारिक अनवर के खिलाफ नारेबाजी

Katihar: Fire victims express anger, raise slogans against Tariq Anwar

कटिहार में अग्निकांड से प्रभावित लोगों का गुस्सा उस समय फूट पड़ा जब सांसद तारिक अनवर पीड़ितों से मिलने पहुंचे। लोगों ने उनके खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मुर्दाबाद के नारे लगाए। पीड़ितों का आरोप है कि भीषण आगजनी की घटना को तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक राहत के नाम पर उन्हें कोई ठोस सहायता नहीं मिली है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि बरारी विधायक विजय सिंह भी अब तक कोई प्रभावी मदद नहीं कर पाए हैं। उनका आरोप है कि सांसद केवल औपचारिकता निभाने और फोटो खिंचवाने पहुंचे थे। लोगों का कहना है कि मीडिया से आश्वासन दिया गया कि मदद की संभावनाएं देखी जा रही हैं और आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास होगा, लेकिन अब तक कोई सहायता नहीं मिलने से आक्रोश बढ़ गया है। नाराज लोगों ने कहा कि “हम माला पहना सकते हैं तो उतार भी सकते हैं।”

गौरतलब है कि 15 फरवरी की शाम कुर्सेला हाट में भीषण अग्निकांड हुआ था, जिसमें 300 से अधिक दुकानें जलकर राख हो गईं। इस हादसे में व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ितों का कहना है कि अब तक किसी भी परिवार को मुआवजा या राहत राशि नहीं मिली है। सांसद और विधायक के मौके पर पहुंचते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और विरोध जताते हुए नारेबाजी की।

पीड़ितों ने सरकार से उचित मुआवजा, पक्की दुकानें उपलब्ध कराने और लिए गए ऋण को माफ करने की मांग की है। इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और लोग जल्द राहत की उम्मीद कर रहे हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment