पटना: राजधानी पटना से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान भारी हंगामा हो गया। यह हंगामा उस वक्त शुरू हुआ जब मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल से रवाना हो चुके थे। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह को घेर लिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
यह मामला पटना के बहादुरपुर हाउसिंग कॉलोनी स्थित चंद्रशेखर पार्क का है, जहां देश के पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की जयंती पर राजकीय समारोह आयोजित किया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान पार्क को निजी स्कूलों को दिए जाने के फैसले के खिलाफ स्थानीय लोगों में आक्रोश भड़क गया।
स्थानीय लोगों ने पहले मुख्यमंत्री के सामने ही विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। जैसे ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से चले गए, लोगों ने जिलाधिकारी के सामने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।
मौके पर पहुंचे डीएम चंद्रशेखर सिंह ने गुस्साए लोगों को समझाते हुए बताया कि पार्क की जमीन को निजी शिक्षण संस्थान को पटना हाईकोर्ट के आदेश के बाद आवंटित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला उसी याचिका के जवाब में दिया गया है, जो पार्क को लेकर स्थानीय लोगों ने ही दायर की थी। डीएम ने स्पष्ट किया कि यदि किसी को आपत्ति है, तो वे दोबारा कोर्ट में याचिका दाखिल कर सकते हैं।
यह मामला अब स्थानीय प्रशासन और लोगों के बीच टकराव का रूप लेता नजर आ रहा है।