नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय ध्वज वाला एलपीजी गैस टैंकर ‘जग विक्रम’ सुरक्षित रूप से इस संवेदनशील समुद्री मार्ग को पार कर चुका है। 11 अप्रैल को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने के बाद जहाज ओमान की खाड़ी पहुंच गया है और अब तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है।
जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि ‘जग विक्रम’ पर करीब 20,400 मीट्रिक टन एलपीजी गैस लदी है और इसमें 24 नाविक सवार हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार रात से शनिवार सुबह के बीच जहाज ने सफलतापूर्वक होर्मुज पार किया। इसके 14 अप्रैल तक गुजरात के कांडला बंदरगाह पहुंचने की उम्मीद है। मंत्रालय के अनुसार, देश के सभी बंदरगाहों पर फिलहाल कामकाज सामान्य है और कहीं से भी जाम या अव्यवस्था की कोई सूचना नहीं है।
आंकड़ों के मुताबिक, मार्च की शुरुआत से अब तक ‘जग विक्रम’ फारस की खाड़ी से सुरक्षित निकलने वाला नौवां भारतीय जहाज है। हालांकि चिंता की बात यह है कि अभी भी 15 भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य में फंसे हुए हैं। इसके अलावा, भारत के लिए जरूरी सामान लेकर आ रहे कई विदेशी जहाज भी इसी क्षेत्र में अटके हैं।
हाल ही में अमेरिका द्वारा होर्मुज में नाकाबंदी की घोषणा के बाद वैश्विक व्यापार पर दबाव बढ़ गया है। अब दुनिया की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगे इस क्षेत्र में फंसे जहाजों की सुरक्षित आवाजाही संभव हो पाएगी या हालात और गंभीर हो सकते हैं।