बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदाता जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आयोग ने चर्चित अभिनेता क्रांति प्रकाश और प्रसिद्ध अभिनेत्री नीतू चंद्रा को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों को बिहार का राज्य स्तरीय स्वीप आइकॉन नियुक्त किया गया है।
बिहार निर्वाचन विभाग ने इस नामांकन को मतदाता शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम बताया है। स्वीप (SVEEP – Systematic Voters’ Education and Electoral Participation) अभियान के तहत ये दोनों हस्तियां राज्यभर में जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और प्रचार अभियानों में भाग लेंगी।
क्रांति प्रकाश और नीतू चंद्रा युवाओं को मतदान के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग ने इस प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी दे दी है।
इस पहल का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा लोग, खासकर युवा, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें।