पटना में भ्रष्टाचार पर CBI की बड़ी कार्रवाई, आयकर विभाग के तीन अधिकारी दो लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

CBI takes big action against corruption in Patna, three Income Tax department officials arrested while taking bribe of Rs 2 lakh

बिहार की राजधानी पटना में भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार शाम आयकर विभाग के दो अधिकारियों और एक कर्मचारी को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी पटना हाईकोर्ट के पीछे स्थित एक गली से की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में 2021 बैच के भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी और सहायक आयुक्त आदित्य सौरभ, इनकम टैक्स इंस्पेक्टर मनीष कुमार मंकज और मल्टी टास्किंग स्टाफ शुभम राज शामिल हैं। तीनों पर हैदराबाद की एक मल्टीनेशनल कंपनी से तीन लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

सीबीआई ने इन अधिकारियों को उस समय पकड़ा जब वे रिश्वत की दो लाख रुपये की रकम स्वीकार कर रहे थे। एजेंसी को पहले से ही पटना स्थित आयकर अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। प्रारंभिक जांच और तथ्यों के सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तार किए गए अधिकारियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की संभावना है। इस कार्रवाई के बाद पटना के आयकर विभाग में हड़कंप मच गया है। सीबीआई फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment