पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने तय समय पर रिजल्ट घोषित किया।
शिक्षा मंत्री के अनुसार, इस वर्ष इंटर परीक्षा में कुल 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए हैं। इसमें छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा है, जहां 86.23 प्रतिशत लड़कियों ने सफलता हासिल की, वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 84 रहा।
इस बार इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 26 अभ्यर्थियों ने टॉप किया है। आर्ट्स और कॉमर्स संकाय में छात्राएं स्टेट टॉपर बनी हैं, जबकि साइंस संकाय में छात्र ने बाजी मारी है।
रिजल्ट जारी करने के मौके पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंद्र और बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर भी उपस्थित रहे।
परीक्षार्थी अपना रिजल्ट बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharboardonline.bihar.gov.in, interbiharboard.com या bsebexam.com पर जाकर देख सकते हैं। इसके लिए छात्रों को होमपेज पर “Bihar Board Intermediate Result 2026” लिंक पर क्लिक कर रोल कोड और रोल नंबर दर्ज करना होगा। सबमिट करते ही मार्कशीट स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी, जिसे डाउनलोड कर प्रिंट लेना जरूरी है।
बोर्ड ने परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए टॉपर्स का कड़ा वेरिफिकेशन किया। संभावित टॉपर्स को पटना बुलाकर उनके इंटरव्यू लिए गए और हैंडराइटिंग का मिलान भी कराया गया।
गौरतलब है कि इस परीक्षा में 13 लाख से अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया था। बिहार बोर्ड के नियमों के अनुसार 12वीं कक्षा में पास होने के लिए प्रत्येक विषय में कम से कम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।