बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को दिल्ली के वीवीआईपी इलाके कामराज लेन में सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। केंद्र सरकार ने उन्हें बंगला नंबर-6 अलॉट किया है, जो पहले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर आवंटित था।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने और राज्यसभा सदस्य बनने के बाद नीतीश कुमार को सुनहरी बाग रोड स्थित नया सरकारी आवास दिया गया है। इसके बाद कामराज लेन स्थित बंगला नंबर-6 अब सम्राट चौधरी को आवंटित कर दिया गया।
अब सम्राट चौधरी जब भी दिल्ली दौरे पर आएंगे, इसी बंगले में ठहरेंगे और यहीं से सरकारी बैठकों व राजनीतिक गतिविधियों को भी संचालित करेंगे। कामराज लेन दिल्ली के सबसे खास और वीवीआईपी इलाकों में गिना जाता है, जहां कई केंद्रीय मंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं के सरकारी आवास मौजूद हैं।
राजनीतिक गलियारों में इसे सम्राट चौधरी के बढ़ते राजनीतिक कद से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री बनने के बाद से ही वह लगातार पटना और दिल्ली के बीच सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।