भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की बिहार इकाई ने पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाते हुए दो नेताओं पर बड़ी कार्रवाई की है। पार्टी के पूर्व विधायक छत्रपति यादव और एआईसीसी सदस्य आनंद माधव को छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है।
पार्टी के मुताबिक, दोनों नेताओं पर बिहार चुनाव के दौरान टिकट वितरण में अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए संगठन के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। आनंद माधव के नेतृत्व में सदाकत आश्रम में प्रदर्शन किया गया था। चुनाव परिणाम आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, प्रभारी कृष्णा अल्लावरु समेत अन्य नेताओं पर टिकट बेचने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए थे।
प्रदेश कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव यादव ने बताया कि विस्तृत जांच और प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर शीर्ष नेतृत्व के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। बिहार चुनाव में करारी हार के बाद उत्पन्न विवाद के बीच इसे पार्टी की ओर से पहला बड़ा अनुशासनात्मक कदम माना जा रहा है।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी प्रकार की बगावत या संगठन विरोधी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अनुशासनहीनता पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।