बिहार चुनाव: पहले चरण का मतदान आज, दूसरे चरण के लिए राजनाथ सिंह ने साधा प्रचार मोर्चा

Bihar Elections: First phase of voting today, Rajnath Singh campaigns for the second phase

बिहार: विधानसभा चुनाव दो चरणों में हो रहे हैं। पहले चरण का मतदान आज, 6 नवंबर को संपन्न हो रहा है, जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होगा। दूसरे चरण को लेकर सभी राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह पूर्वी चंपारण के पताही स्थित हाई स्कूल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे।

सभा में भारी संख्या में मौजूद लोगों ने रक्षा मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर राजनाथ सिंह ने दो-तिहाई बहुमत से बिहार में एनडीए सरकार बनने का दावा किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “आजकल के नेताओं को नीतीश कुमार से सीखना चाहिए। वे 20 साल से मुख्यमंत्री हैं, फिर भी उन पर एक भी छोटा आरोप नहीं लगा। जबकि कुछ नेता भ्रष्टाचार में लिप्त होकर भी वाहवाही लूटते फिरते हैं।”

राजनाथ सिंह ने राजद पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “राजद की संस्कृति हमेशा कट्टा (अवैध हथियार) वाली रही है, और उनके चुनावी कार्यक्रमों में बच्चों से कट्टा वाले गीत गवाए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार के समय बिहार की छवि बदली है — अब लोग बिहार को आगे बढ़ते हुए देख रहे हैं। जबकि “जंगल राज के समय लोग बिहार आने से डरते थे।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार की जनता अब जंगल राज के दिनों को वापस नहीं देखना चाहती और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए एनडीए सरकार को ही चुनेगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment