लखीसराय में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के काफिले पर हमला, आरजेडी समर्थकों पर गोबर और पत्थर फेंकने का आरोप

Deputy CM Vijay Sinha's convoy attacked in Lakhisarai; RJD supporters accused of throwing cow dung and stones

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच लखीसराय में एक बड़ा हंगामा देखने को मिला। उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार विजय कुमार सिन्हा के काफिले को कुछ लोगों ने घेर लिया। आरोप है कि आरजेडी समर्थकों ने उनकी गाड़ी पर गोबर और पत्थर फेंके।

घटना उस समय की बताई जा रही है जब विजय सिन्हा सड़क पर अपने समर्थकों से मुलाकात कर रहे थे। अचानक भीड़ ने नारेबाजी शुरू कर दी और काफिले का रास्ता रोक लिया। मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने तत्काल सिन्हा को वाहन में बैठाया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। पुलिस ने धक्का-मुक्की के बीच भीड़ को पीछे धकेलकर रास्ता साफ कराया।

विजय सिन्हा ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा,
“ये गुंडा राजद का है। सत्ता में एनडीए आने वाली है, तो इनके छाती पर बुलडोजर चलेगा। ये गुंडे प्रत्याशियों को गांवों में घूमने नहीं देते और अच्छे यादवों को भी वोट नहीं करने देते। अभी सत्ता में नहीं हैं तो ये हाल है, सत्ता में आएंगे तो क्या करेंगे।” उन्होंने बताया कि यह घटना 404 और 405 नंबर बूथों के पास की है।

इससे पहले भी विजय सिन्हा ने आरोप लगाया था कि हलसी प्रखंड के कुछ बूथों पर आरजेडी कार्यकर्ताओं ने एक मतदान एजेंट को धमकाया। उन्होंने कहा कि मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा, लेकिन “कुछ लोग अब भी बूथ कैप्चरिंग की मानसिकता से बाहर नहीं निकले हैं।”

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment