बिहार: NH-22 पर युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, थाने के पास हुई घटना से उठे पुलिस पर सवाल

Bihar: Video of dangerous stunts by youths on NH-22 goes viral, questions raised on police due to incident near police station

वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में हाजीपुर-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-22) पर युवाओं द्वारा की गई खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह घटना सराय थाना से मात्र 300 मीटर की दूरी पर हुई, फिर भी पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ युवक तेज रफ्तार बाइकों और चार पहिया वाहनों पर बेहद जोखिमभरे स्टंट करते नजर आ रहे हैं। ये हरकतें न सिर्फ ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाती हैं, बल्कि खुद उनकी और अन्य राहगीरों की जान को भी खतरे में डालती हैं। इस वीडियो के वायरल होते ही लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

स्थानीय लोगों ने उठाए पुलिस पर सवाल
स्थानीय निवासियों का कहना है कि हाजीपुर और सराय के बीच NH-22 पर इस तरह की घटनाएं लगातार होती रही हैं, लेकिन पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। सवाल यह उठता है कि जब यह सब कुछ थाने से इतनी नजदीक हो रहा है, तो पुलिस अब तक अनजान कैसे बनी हुई है?

लोगों का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही और निष्क्रियता के चलते युवाओं में कानून का भय खत्म हो गया है। वे केवल सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में इस तरह के जानलेवा स्टंट करते हैं, जो कभी भी किसी गंभीर हादसे का कारण बन सकते हैं।

प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि ‘फर्स्ट बिहार झारखंड’ द्वारा नहीं की गई है, लेकिन इसकी गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। लोगों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो यह लापरवाही किसी बड़ी दुर्घटना का रूप ले सकती है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस वायरल वीडियो के बाद जागरूक होता है या यह मामला भी अन्य मामलों की तरह फाइलों में दबकर रह जाता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment