चेन्नई स्थित आईआईटी मद्रास के 62वें दीक्षांत समारोह में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर अहम बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने इस ऑपरेशन के तहत पाकिस्तान में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को बेहद सटीकता के साथ निशाना बनाया और यह हमारे लिए गर्व की बात है।
डोभाल ने कहा, “हमने सिर्फ तय 9 आतंकी ठिकानों पर ही हमला किया, उससे इतर कहीं कोई कार्रवाई नहीं की। ऑपरेशन की योजना और उसका क्रियान्वयन पूरी तरह सटीक रहा।” उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे अभियान को महज 23 मिनट में अंजाम दिया गया।
स्वदेशी तकनीक की अहमियत को रेखांकित करते हुए NSA डोभाल ने कहा, “हमारे सभी उपकरण – चाहे वो ब्रह्मोस मिसाइल हो या रडार – पूरी तरह स्वदेशी थे। यही हमारी असली ताकत है।”
विदेशी मीडिया की रिपोर्टों को खारिज करते हुए उन्होंने सवाल उठाया, “कोई एक भी ऐसी तस्वीर दिखा दे जिसमें भारत को किसी भी तरह का नुकसान हुआ हो। क्या एक भी इमारत को नुकसान पहुंचा? क्या एक शीशा भी टूटा?” डोभाल ने यह चुनौती देते हुए भारत की सुरक्षा व्यवस्था और रणनीतिक सफलता पर भरोसा जताया।
छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “आप उस देश और सभ्यता का हिस्सा हैं जो हजारों वर्षों से चुनौतियों का सामना करती रही है। आने वाले 22 वर्षों में हम अपनी आज़ादी के 100 वर्ष पूरे करेंगे, और उस समय आप अपने करियर की ऊंचाई पर होंगे। देश को आपसे बहुत उम्मीदें हैं।”
गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। इस हमले के जवाब में भारत ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लॉन्च किया, जिसमें पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक तबाह किया गया। इसके बाद 10 मई को दोनों देशों के बीच संघर्षविराम (सीजफायर) घोषित किया गया।