सिंधु जल समझौते को लेकर बिलावल भुट्टो की गीदड़भभकी, कहा– “भारत ने रोका तो होगी जंग”

Bilawal Bhutto threatens to take up Indus Water Treaty, says- "If India stops, there will be war"

नई दिल्ली: भारत-पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौते को लेकर एक बार फिर तनाव भड़कता दिखाई दे रहा है। पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी ने इस मुद्दे पर एक उकसाऊ बयान देते हुए कहा है कि अगर भारत ने सिंधु जल समझौते को लागू नहीं किया, तो पाकिस्तान “एक और जंग” के लिए तैयार है।

पाकिस्तान की संसद नेशनल असेंबली में बोलते हुए बिलावल ने कहा, “भारत ने कहा कि सिंधु समझौता खत्म हो गया है और इसे होल्ड पर डाल दिया गया है। यह पूरी तरह गैर-कानूनी है। यह समझौता वर्ल्ड बैंक की मध्यस्थता में हुआ था और इसे खत्म करने की धमकी देना संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन है। अगर भारत ने इसे खत्म किया तो हम एक और जंग के लिए तैयार हैं। उस जंग में हम भारत से वे तीन नदियां भी छीन लेंगे जो फिलहाल भारत के पास हैं।”

भुट्टो ने भारत पर झूठे आरोप लगाते हुए दावा किया कि पाकिस्तान ने “ऑपरेशन सिंदूर” में जीत हासिल की है। उन्होंने कहा, “हम सिंधु जल समझौते के लिए लड़ाई के लिए तैयार हैं। भारत से वे तीन नदियां भी छीन लेंगे जिनका पानी भारत अभी इस्तेमाल कर रहा है।”

भुट्टो ने आगे कहा कि पाकिस्तान की सेना और वायुसेना किसी भी हालात से निपटने में सक्षम हैं। उन्होंने भारत को दो विकल्प देते हुए कहा – या तो भारत समझौते को माने और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत अमल करे, या फिर पाकिस्तान युद्ध के लिए तैयार है और वह अपनी अवाम को “छह नदियों का पानी” दिलाकर रहेगा।

पाकिस्तानी नेता ने भारत पर आतंकवाद के मुद्दे पर दुनिया को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि भारत की यह कोशिश नाकाम रही कि पाकिस्तान को आतंकी देश घोषित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि भारत, अमेरिका और इज़राइल की लॉबी पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाना चाहती है, लेकिन पाकिस्तान हर मंच पर विजयी रहा।

बिलावल के इन बयानों पर राजनीतिक और कूटनीतिक हलकों में कड़ी प्रतिक्रिया सामने आ सकती है। भारत पहले ही यह स्पष्ट कर चुका है कि वह अंतरराष्ट्रीय समझौतों का सम्मान करता है, लेकिन आतंक को समर्थन देने वाले देश के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment