समस्तीपुर: वक्फ संशोधन बिल का समर्थन करने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इन धमकियों का सामना उन्हें मोबाइल फोन के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी करना पड़ रहा है।
समस्तीपुर में इस मुद्दे पर बात करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि वक्फ बिल के फायदे को जनता के बीच रखने के बाद उन्हें धमकियां मिल रही हैं, लेकिन उन्होंने यह स्पष्ट किया कि वह इन धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं अपनी बात मजबूती से रखता रहूंगा और किसी भी धमकी से विचलित नहीं होऊंगा।”
रामनवमी के संदर्भ में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में यह पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जा रहा है, जबकि बंगाल में ममता बनर्जी के शासन में जय श्रीराम का नाम लेने पर विवाद उत्पन्न हो जाता है। उन्होंने नीतीश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार में रामभक्ति की भावना है और रामनवमी को अच्छे तरीके से मनाया जा रहा है।
शाहनवाज हुसैन ने वक्फ संशोधन बिल के बारे में कहा कि यह बिल मुस्लिम समुदाय के फायदे के लिए लाया गया है, लेकिन विपक्ष इसे लेकर लोगों को गुमराह कर रहा है। उन्होंने नीतीश कुमार के शासन की भी सराहना की और कहा कि वे बिहार के विकास के लिए लगातार मेहनत कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार ने जो काम अल्पसंख्यकों के लिए किया है, वैसा काम लालू प्रसाद ने कभी नहीं किया। वक्फ बिल के बाद जेडीयू के मुस्लिम नेताओं के पार्टी छोड़ने और विधानसभा चुनाव पर इसके असर के सवाल पर शाहनवाज हुसैन ने कहा कि इसमें जेडीयू के कोई बड़े नेता शामिल नहीं हैं, और बिल आने से एनडीए को विधानसभा चुनाव में और ज्यादा वोट मिलने का दावा किया।