सहरसा: सहरसा से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। गुरुवार को वाहन चेकिंग के दौरान बसनही थाना क्षेत्र के इजमाईल संथाली टोला में पुलिस टीम पर हमला हुआ। इस हमले के बारे में सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 3 अप्रैल को बसनही थाना की पुलिस ने जब बाइक पर सवार तीन युवकों को रोकने की कोशिश की, तो उन युवकों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
इस हमले में चौकीदार राजेंद्र पासवान गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके को घेर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई में मधेपुरा निवासी नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया। नीतीश कुमार एक हत्या के मामले में वांछित था और वह मधेपुरा जिले का 50 हजार का इनामी अपराधी था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उसके पास से दो अर्धनिर्मित देसी कट्टे, एक देसी कट्टा, मोटरसाइकिल, मोबाइल और जिंदा कारतूस बरामद किया। नीतीश की निशानदेही पर पुलिस ने मकई के खेत से एक और देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए।
नीतीश कुमार के खिलाफ चौसा और पुरैनी थानों में कई मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है।
घटना के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों ने घायल चौकीदार से अस्पताल में मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली। इधर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर के नेतृत्व में फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी लगातार जारी है।