मुम्बई: बीजेपी सांसद हेमा मालिनी ने 29 जनवरी को महाकुंभ मेले में हुई भगदड़ को लेकर लोकसभा में समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह घटना ‘इतनी बड़ी’ नहीं थी, जितना की अखिलेश यादव ने इसे बताया। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख को ‘अतिरंजित’ टिप्पणी करने के लिए आलोचना करते हुए कहा कि यह घटना ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जा रही है।
हेमा मालिनी ने कहा, “अखिलेश यादव का काम सिर्फ गलत बोलना है। हमने खुद कुंभ का दौरा किया था। घटना हुई थी, लेकिन यह इतनी बड़ी नहीं थी, जितना इसे बताया जा रहा है।” उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महाकुंभ मेले जैसे बड़े आयोजन का प्रबंधन अच्छे तरीके से कर रही है और यह बहुत अच्छे से संचालित किया गया है। उन्होंने कहा, “इतने सारे लोग आ रहे हैं, इसे प्रबंधित करना बहुत मुश्किल है, लेकिन हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास कर रहे हैं।”
इससे पहले दिन में, अखिलेश यादव ने महाकुंभ में हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत और 60 के घायल होने पर योगी आदित्यनाथ सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने दावा किया कि सरकार हताहतों की वास्तविक संख्या छिपा रही है और योगी आदित्यनाथ से मृतकों की सही संख्या का खुलासा करने की मांग की थी।
अखिलेश यादव ने संसद में कहा, “जब सरकार लगातार बजट के आंकड़े दे रही है, तो कृपया महाकुंभ में मरने वालों के आंकड़े भी दें। मैं मांग करता हूं कि महाकुंभ की व्यवस्थाओं के बारे में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए और आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी सेना को सौंपनी चाहिए।”