बलूचिस्तान: भारत-पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ते तनाव के बीच, पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान से बड़ी खबर सामने आई है। बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कलात जिले के मंगोचर शहर पर कब्जा करने का दावा किया है। इसके साथ ही उन्होंने रणनीतिक रूप से अहम क्वेटा-कराची हाईवे को भी बंद कर दिया है।
इंडिया टुडे के अनुसार, BLA के सशस्त्र विंग ने मंगोचर में सरकारी इमारतों पर कब्जा कर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ पाकिस्तानी सैनिकों और सरकारी अधिकारियों को बंधक भी बना लिया गया है, जिससे पाकिस्तान की सेना और प्रशासन की चिंताएं बढ़ गई हैं।
डॉन अखबार की रिपोर्ट बताती है कि शुक्रवार शाम नकाबपोश हथियारबंद लोग मंगोचर के पास हाईवे पर पहुंचे और निजी वाहनों और बसों की तलाशी ली। चश्मदीदों का कहना है कि ये लोग बाजार में भी घुसे और कई सरकारी इमारतों को आग के हवाले कर दिया।
यह हमला BLA द्वारा हाल ही में किए गए एक IED धमाके के कुछ दिनों बाद हुआ है, जिसमें 10 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत हुई थी।
फिलहाल पाकिस्तानी सरकार की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। लेकिन सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बलों को मंगोचर भेजा जा रहा है और शहर पर दोबारा नियंत्रण पाने की तैयारी की जा रही है।
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक और सुरक्षा तनाव चरम पर है, जिससे हालात और अधिक संवेदनशील हो गए हैं।