त्रिवेणीगंज में महिला कांस्टेबल को बोलेरो ने मारी दो बार टक्कर, गंभीर घायल

Bolero hits woman constable twice in Triveniganj, seriously injured

सुपौल: सुपौल के त्रिवेणीगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां बिहार अग्निशमन सेवा में कार्यरत महिला कांस्टेबल को एक अज्ञात बोलेरो ने पीछे से दो बार जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना आज सुबह लगभग साढ़े 6 बजे की है।

जानकारी के अनुसार, कांस्टेबल पूजा कुमारी अपने आवास से त्रिवेणीगंज अग्निशमन कार्यालय में सुबह की परेड में शामिल होने पैदल जा रही थी। इसी दौरान त्रिवेणीगंज पिपरा सड़क मार्ग पर, त्रिवेणीगंज ब्लॉक चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया के पास एक अज्ञात बोलेरो चालक ने उन्हें पीछे से दो बार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन कार्यालय के कर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूजा कुमारी को त्रिवेणीगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. आलोक रंजन ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मधेपुरा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, पूजा की कमर की दाईं हड्डी टूट गई है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है, हालांकि वे खतरे से बाहर हैं।

अग्निशमन विभाग के कर्मियों और अधिकारियों ने इस घटना को महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि जानबूझकर किया गया हमला मानने की आशंका जताई है। घटनास्थल के पास मौजूद लोगों का कहना है कि बोलेरो चालक ने जानबूझकर दो बार टक्कर मारी। पूजा कुमारी और उनके सहकर्मियों का भी कहना है कि यह हमला जानबूझकर किया गया, हालांकि पूजा कुमारी ने किसी से भी कोई दुश्मनी होने की बात से इनकार किया है।

इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है, और पुलिस ने अब तक बोलेरो चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment