बिहार: विधानसभा चुनाव को लेकर भोजपुर जिला का माहौल अब पूरी तरह चुनावी रंग में रंग चुका है। गुरुवार को उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित वीर कुंवर सिंह पड़ाव मैदान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। इस सभा में उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने हिस्सा लिया और एनडीए उम्मीदवार एमएलसी राधा चरण साह के समर्थन में जनता से वोट देने की अपील की।
बारिश के बावजूद मैदान में भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने एनडीए के समर्थन में नारे लगाए और पूरे जोश के साथ सभा में भाग लिया।
अपने संबोधन में बृजभूषण शरण सिंह ने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा —
“राहुल गांधी पाकिस्तान में लोकप्रिय नेता हैं, क्योंकि जब वे भारत में मोदी जी या हमारी सेना के खिलाफ बोलते हैं, तो उनके भाषण पाकिस्तान में सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं।”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए आगे कहा —
“तेजस्वी यादव आज राहुल गांधी की नाव पर सवार हैं, और जिस नाव के मल्लाह राहुल गांधी हों, उसका डूबना तय है।”
भाजपा नेता ने दावा किया कि इस बार बिहार में भाजपा-जदयू गठबंधन एक बार फिर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वही नेता हैं जिन्होंने मनमोहन सिंह की कैबिनेट के प्रस्ताव को सार्वजनिक रूप से फाड़ दिया था, जो यह दिखाता है कि उन्हें संविधान और संस्थाओं का कितना सम्मान है।
गौरतलब है कि भोजपुर की संदेश विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।
यहाँ से राजद के दीपू राणावत, जन सुराज पार्टी के राजीव रंजन सिंह, और एनडीए के राधा चरण साह मैदान में हैं।
जनसभा में स्थानीय नेताओं ने भी जनता से एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की और कहा कि बिहार में विकास और स्थिरता के लिए एनडीए की सरकार जरूरी है।