बिहार: जेडीयू के बाहुबली नेता और ‘छोटे सरकार’ के नाम से प्रसिद्ध अनंत सिंह के विधानसभा क्षेत्र मोकामा में गुरुवार को जन सुराज पार्टी के समर्थक और सामाजिक कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद बिहार की सियासत में हलचल मच गई है।
तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा,
“प्रधानमंत्री मोदी 30 साल पहले की बातें तो करते हैं, लेकिन बिहार में 30 मिनट पहले क्या हुआ, यह उन्हें नहीं दिखता? जब चुनाव में आचार संहिता लागू है, तब भी कुछ लोग हथियार लेकर कैसे घूम रहे हैं? कौन लोग हैं जिन्हें पैरोल पर जेल से बाहर लाया गया है?”
तेजस्वी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा —
“लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं है। यह विचारधारा और जनहित के मुद्दों की लड़ाई है, बमबारी और गोलीबारी की नहीं। एनडीए के महाजंगलराज में सत्ता-संपोषित अपराधी खुलेआम तांडव मचा रहे हैं। आज मोकामा में एक सामाजिक कार्यकर्ता दुलारचंद यादव की हत्या कर दी गई, जबकि गया में एक दरोगा अनिरुद्ध पासवान की निर्मम हत्या हुई।”
उन्होंने आगे लिखा कि,
“एनडीए प्रत्याशियों द्वारा पत्रकारों को धमकाने और पहले AK-47 की बरामदगी जैसी घटनाओं का नतीजा आज दिख रहा है। प्रधानमंत्री जी को बिहार का यह ‘महाजंगलराज’ नहीं दिखता। वे अपराधियों को टिकट देकर बिहार को बदनाम कर रहे हैं। जनता इस डबल इंजन सरकार को उखाड़ फेंकेगी।”
वहीं, अनंत सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यह पूरा मामला सूरजभान सिंह की साजिश है।
इस घटना पर जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा —
“मोकामा की घटना चिंताजनक और पीड़ाजनक है। पुलिस बिना किसी राजनीतिक हस्तक्षेप के कार्रवाई करेगी। अपराध करने वाले को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
उन्होंने गया के टिकारी की घटना का भी जिक्र किया, जहाँ जीतनराम मांझी के प्रत्याशी अनिल कुमार पर हमला हुआ था। नीरज कुमार ने कहा,
“पहले चरण का चुनाव नजदीक है। ऐसे में इस तरह की घटनाएँ दुर्भाग्यपूर्ण हैं। हम जनता से अपील करते हैं कि लोकतंत्र के इस पर्व में नफरत नहीं, नीतियों के आधार पर मतदान करें।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।