नीतीश 10वीं बार सीएम बनने से पहले ही शुरू हुई बंपर भर्ती: TRE-4 की प्रक्रिया तेज, एक करोड़ नौकरी का वादा पूरा करने की तैयारी

Bumper recruitment begins even before Nitish becomes CM for the 10th time: TRE-4 process accelerates, preparations underway to fulfill the promise of 10 million jobs

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 20 नवंबर को दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले ही नई सरकार ने अपने सबसे बड़े चुनावी वादे – पांच साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी व रोजगार देने – को पूरा करने की दिशा में तेजी दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में शिक्षा विभाग ने शिक्षक बहाली के चौथे चरण (TRE-4) की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बुधवार को शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र की अध्यक्षता में हुई अहम समीक्षा बैठक में सभी जिलों को सात दिनों के अंदर शिक्षकों के रिक्त पदों की नई सूची नए आरक्षण रोस्टर के साथ भेजने का सख्त निर्देश दिया गया। पहले जिलों ने जो रिक्तियां भेजी थीं, उन्हें पुराना रोस्टर होने की वजह से वापस कर दिया गया था।

विभाग ने चेतावनी दी है कि समय सीमा में रिक्तियां नहीं भेजने वाले जिलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही TRE-4 के लिए विज्ञापन जल्द जारी करने की तैयारी भी शुरू हो गई है।

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार ने 10 लाख सरकारी नौकरियां और 10 लाख रोजगार के अवसर देने का वादा किया था, जिसे बाद में बढ़ाकर कुल एक करोड़ कर दिया गया। नई सरकार बनने से पहले ही इस दिशा में तेजी दिखाकर नीतीश कुमार संदेश देना चाहते हैं कि वे अपने वादे पर गंभीर हैं।

आज ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा पेश किया। एनडीए के सभी घटक दलों ने अपने समर्थन पत्र सौंप दिए हैं। 20 नवंबर को गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।

शपथ ग्रहण से पहले ही बंपर भर्तियों का आगाज कर नीतीश सरकार युवाओं को यह भरोसा दिलाना चाहती है कि नई सरकार आते ही नौजवानों के लिए दरवाजे खुलने शुरू हो जाएंगे।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment