पटना: बिहार चुनाव में करारी हार के बाद RJD में भूचाल, कार्यकर्ताओं ने संजय यादव और सुनील सिंह का पुतला फूंका

Patna: RJD faces uproar after Bihar election defeat, workers burn effigies of Sanjay Yadav and Sunil Singh

पटना, 19 नवंबर: बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) में आंतरिक कलह अब खुलकर सामने आ गई है। आज पटना स्थित पार्टी मुख्यालय के ठीक बाहर सैकड़ों गुस्साए कार्यकर्ताओं ने राज्यसभा सांसद संजय यादव और राबड़ी देवी के मुंहबोले भाई सुनील सिंह का पुतला फूंक दिया। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं को पार्टी की शर्मनाक हार का जिम्मेदार ठहराते हुए जमकर नारेबाजी की।

गुस्साए कार्यकर्ताओं का आरोप है कि संजय यादव और सुनील सिंह ने चुनाव के दौरान गलत रणनीति बनाई और तेजस्वी यादव को गुमराह किया। दोनों ने लालू प्रसाद यादव और कार्यकर्ताओं को पूरी तरह किनारे कर दिया। “इन दोनों के चक्कर में तेजस्वी जी हमारी बात तक नहीं सुन पाए। टिकट बंटवारे से लेकर प्रचार तक सब इनके इशारे पर हुआ, नतीजा सबके सामने है,” एक कार्यकर्ता ने गुस्से में कहा।

यह कोई पहला मौका नहीं है। बीते सोमवार को भी 10 सर्कुलर रोड स्थित राबड़ी आवास के बाहर सोनपुर और आसपास के इलाकों से आए कार्यकर्ताओं ने भारी हंगामा किया था। वे लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य के समर्थन में नारे लगा रहे थे और संजय यादव के खिलाफ जमकर मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। लालू यादव ने कुछ कार्यकर्ताओं को अंदर बुलाकर समझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्सा शांत नहीं हुआ।

आज पार्टी दफ्तर के बाहर का नजारा और भी तीखा था। कार्यकर्ताओं ने संजय यादव और सुनील सिंह के पोस्टर फाड़े, दोनों का पुतला जलाया और तेजस्वी यादव से दोनों को पार्टी से बाहर करने की मांग की। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

राजद की यह आंतरिक गुटबाजी उस समय और गंभीर हो गई है जब महागठबंधन को मात्र 38 सीटें ही मिली हैं और तेजस्वी यादव की साख पर सवाल उठ रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह बवाल और बढ़ सकता है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment