नई दिल्ली: दिल्ली में बुधवार (5 फरवरी) को 70 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। वहीं, चुनाव से ठीक एक दिन पहले दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री आतिशी पर आचार संहिता के उल्लंघन का केस दर्ज किया है। इसके साथ ही पुलिस ने बीजेपी उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी के समर्थक माने जाने वाले मनीष बिधूड़ी पर भी आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में केस दर्ज किया है। इस मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस ने आतिशी के ट्विटर पोस्ट पर रिप्लाई करते हुए दी है।
कालकाजी क्षेत्र में देर रात हंगामा
सूत्रों के अनुसार, दिल्ली विधानसभा चुनाव से एक दिन पहले कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में बीती देर रात तक हंगामा हुआ। राजनीतिक पार्टियों ने एक-दूसरे पर मारपीट और कैश बांटने के आरोप लगाए हैं। इस हंगामे के बीच मुख्यमंत्री आतिशी गोविंदपुरी थाने पहुंचीं और पुलिस को शिकायत दी, जिसमें उन्होंने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर दिल्ली की झुग्गी बस्तियों के लोगों को धमकाने का आरोप लगाया।
आतिशी का आरोप – ‘खुले-आम आचार संहिता का उल्लंघन’
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत देने के बाद उल्टा पुलिस ने उनके और आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं के खिलाफ दो मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के मुताबिक, ये मामले सरकारी काम में बाधा डालने और आचार संहिता के उल्लंघन से संबंधित हैं।
चुनाव आयोग की शिकायत पर हुआ मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस ने आचार संहिता उल्लंघन के पहले मामले में आतिशी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि आतिशी 10 गाड़ियों और 50-60 समर्थकों के साथ फतेह सिंह मार्ग पर पहुंची थीं। जब पुलिस ने आचार संहिता का हवाला देते हुए उन्हें वहां से जाने का आदेश दिया, तो उन्होंने इसे मना कर दिया। चुनाव आयोग की शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया।
सीएम आतिशी और उनके समर्थकों पर आरोप
वहीं, सीएम आतिशी के समर्थकों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिस पर हमले का आरोप है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भी केस दर्ज किया है। इसके अलावा, बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी के भतीजे मनीष बिधूड़ी के खिलाफ रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपुल्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।