नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को उनके आवास पर हुई सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की अहम बैठक समाप्त हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, दोपहर 3 बजे एक प्रेस ब्रीफिंग आयोजित की जाएगी, जिसमें बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की घोषणा की जा सकती है।
यह बैठक 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी, के मद्देनज़र बुलाई गई थी। इस हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और आगे की रणनीति पर विचार करने के लिए प्रधानमंत्री आवास पर यह दूसरी बार CCS की बैठक हुई।
बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल रहे। इसके बाद कैबिनेट की राजनीतिक मामलों की समिति (CCPA) और आर्थिक मामलों की समिति (CCEA) की बैठकें भी हुईं।
जानकारी के अनुसार, CCS की पहली बैठक में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए थे। इनमें सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी बॉर्डर बंद करना, पाक नागरिकों के वीजा रद्द करना, उनके यूट्यूब चैनल और एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल्स पर प्रतिबंध लगाना जैसे निर्णय शामिल थे। साथ ही, पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के निर्देश भी दिए गए थे।
CCS की ताजा बैठक में सैन्य विकल्पों पर भी मंथन हुआ, ताकि हमले का जवाब दिया जा सके। पिछली बैठक में सभी सुरक्षाबलों को उच्चतम स्तर की सतर्कता बनाए रखने का निर्देश दिया गया था। भारत सरकार ने दोहराया है कि हमले के दोषियों को हर हाल में न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।