पंजाब के कई जिलों में आई भीषण बाढ़ ने फसलों, घरों और लोगों की आजीविका को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस संकट की घड़ी में पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री (पॉलीवुड) और बॉलीवुड ने मदद का हाथ बढ़ाया है। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने अपने टीवी शो बिग बॉस के मंच से पंजाब में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए लोगों से सहायता की अपील की है।
सलमान ने कहा, “पंजाब ने हमेशा जरूरतमंदों की मदद की है, लेकिन आज वह खुद एक मुश्किल स्थिति में है। हमें आगे बढ़कर उनकी सहायता करनी चाहिए।” उन्होंने बताया कि बाढ़ ने पंजाब में भारी तबाही मचाई है, जिसमें किसानों के घर बह गए हैं और कई मकान ढह गए हैं। इससे लोगों के पास रहने की जगह तक नहीं बची। सलमान ने जोर देकर कहा, “ये वही किसान हैं जो हमारे लिए अनाज उगाते हैं।”
उन्होंने पंजाब की सिख कौम की उदारता की सराहना करते हुए कहा कि यह समुदाय लंगर और निस्वार्थ सेवा के लिए जाना जाता है। “सैकड़ों वर्षों से इस कौम ने लोगों को भोजन बांटा है, किसी को भूखा नहीं लौटाया। अब हमारी बारी है कि हम उनका साथ दें,” सलमान ने कहा।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब के कई सिंगर पहले ही बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ चुके हैं। सलमान ने कहा कि वह और उनकी टीम भी पंजाब के बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए सहायता करने की हर संभव कोशिश कर रहे हैं।