मुजफ्फरपुर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुजफ्फरपुर के पंडित नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब स्काउट-गाइड परेड में भाग ले रहीं कई छात्राएं अचानक बेहोश होने लगीं। यह घटना बिहार के डिप्टी सीएम और प्रभारी मंत्री विजय सिन्हा के झंडोत्तोलन से ठीक पहले हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, परेड के दौरान एक-एक कर छात्राएं गिरने लगीं, जिससे माहौल अफरा-तफरी में बदल गया। स्थिति को गंभीर देखते हुए मौके पर मौजूद पुलिस और मेडिकल टीम ने तत्परता दिखाते हुए छात्राओं को एम्बुलेंस के ज़रिए मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल पहुंचाया। अब तक की जानकारी के अनुसार, करीब 6 छात्राओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों और अभिभावकों का कहना है कि बच्चियों को सुबह से लगातार धूप और उमस में अभ्यास कराया जा रहा था। उन्हें ना तो पर्याप्त आराम मिला और ना ही जलपान, जिससे थकावट और डिहाइड्रेशन की स्थिति बनी। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सभी बच्चियों की हालत अब स्थिर है और वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
उधर, झंडोत्तोलन कार्यक्रम बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने झंडा फहराकर उपस्थित जनसमूह को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में जिले के आला अधिकारी, शिक्षक, प्रशासनिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।
हालांकि इस घटना के बाद जिला प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। कई अभिभावकों ने बच्चों की सेहत को लेकर लापरवाही पर नाराज़गी जताते हुए कार्यक्रम के प्रबंधन पर सवाल खड़े किए हैं।