स्वतंत्रता दिवस 2025 पर युवाओं को नीतीश सरकार का बड़ा तोहफ़ा, प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस घटाई और रोजगार पर फोकस

Nitish government's big gift to the youth on Independence Day 2025, reduced fees for competitive exams and focus on employment

बिहार में स्वतंत्रता दिवस 2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के युवाओं को बड़ी सौगात दी है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में झंडोत्तोलन के बाद अपने संबोधन में सीएम ने दो अहम घोषणाएं कीं, जिनसे लाखों छात्र और नौकरी की तैयारी कर रहे युवा गदगद हो उठे।

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अब BPSC, BTSC, BSSC, BPSSC और CSBC जैसी राज्य स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रारंभिक परीक्षा (PT) के लिए अभ्यर्थियों को सिर्फ ₹100 आवेदन शुल्क देना होगा। इससे भी बड़ी राहत यह कि मुख्य परीक्षा (Mains) में भाग लेने वाले उम्मीदवारों से अब कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

इसके साथ ही नीतीश कुमार ने दोहराया कि राज्य सरकार अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में छूट देने के साथ-साथ राज्य में नए उद्योगों की स्थापना, स्वरोजगार को बढ़ावा और तकनीकी-व्यावसायिक प्रशिक्षण की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य के सात जिलों में नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल खोले जाएंगे। इससे न केवल युवाओं को मेडिकल शिक्षा के और अधिक अवसर मिलेंगे, बल्कि चिकित्सा क्षेत्र में भी रोजगार की नई राहें खुलेंगी।

अपने भाषण में नीतीश कुमार ने केंद्र सरकार की भी सराहना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार के विकास में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से बिहार को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री की ये घोषणाएं न केवल युवाओं के लिए राहत लेकर आई हैं, बल्कि आने वाले चुनावों से पहले सरकार की नीतियों और प्राथमिकताओं की झलक भी पेश करती हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment