मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जहानाबाद दौरा, कई योजनाओं की घोषणा

Chief Minister Nitish Kumar's visit to Jehanabad, announcement of many schemes

पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज अपनी प्रगति यात्रा के तहत जहानाबाद पहुंचे, जहां उनके साथ डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, मंत्री विजय चौधरी, अशोक चौधरी भी मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहरवासियों के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा की, जो विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होंगी।

राजाबाजार में बनेगा आरओबी
मुख्यमंत्री ने जहानाबाद के राजाबाजार में अरवल मोड़ के नजदीक आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) के निर्माण की घोषणा की। इस निर्माण से शहर में जल-जमाव और ट्रैफिक जाम की समस्या समाप्त होगी और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। इसके साथ ही, एन.एच.-110 से एस.एस. कॉलेज, जहानाबाद तक सड़क का निर्माण होगा, जिससे विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के छात्रों को आवागमन में सुविधा होगी। इस पथ में स्थित एरोड्रॉम स्टेडियम में प्रस्तावित हेलीपैड से विशिष्ट अतिथियों के आवागमन में भी आसानी होगी।

बराबर पहाड़ का होगा समग्र विकास
मुख्यमंत्री ने बराबर पर्यटन क्षेत्र के समग्र विकास की योजना की भी घोषणा की। इसके तहत श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन, विश्रामगृह, शेड और रोशनी जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस परियोजना से पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और मेडिकल कॉलेज का निर्माण
मुख्यमंत्री ने जहानाबाद में एक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स के निर्माण की भी घोषणा की, जिससे खेलों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि जहानाबाद में काको, घोषी और मखदुमपुर तीन प्रखंडों में नए प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा।

Chief Minister Nitish Kumar's visit to Jehanabad, announcement of many schemes

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने जहानाबाद जिले में नया मेडिकल कॉलेज और अस्पताल बनाने का ऐलान किया। इस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि की पहचान के लिए एक टीम भेजी जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

इन योजनाओं से जहानाबाद जिले में इंफ्रास्ट्रक्चर और चिकित्सा क्षेत्र में सुधार होगा, जो जिले के विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment