नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज शाम से बिहार विधानसभा चुनाव के प्रचार अभियान में हिस्सा लेने जा रही हैं। मुख्यमंत्री तीन दिन तक राज्य में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगी। इस दौरान उनके साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता, सहयोगी दलों के प्रतिनिधि, पार्टी प्रत्याशी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री जनसभाओं के साथ-साथ रोड शो में भी भाग लेंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इससे पहले भी दो बार बिहार में चुनाव प्रचार कर चुकी हैं और यह उनका तीसरा दौरा होगा। बताया जा रहा है कि यह दौरा बेहद तूफानी और व्यस्त रहेगा। तीन दिनों के भीतर मुख्यमंत्री 12 से 15 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करेंगी। जिन क्षेत्रों में वे प्रचार करेंगी, वहां 6 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान होना है।
मुख्यमंत्री सोमवार शाम को पटना पहुंचेंगी और रात में ही बंकिपुर विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगी।
प्रचार कार्यक्रम के अनुसार —
- 4 नवंबर को मुख्यमंत्री सिवान, बड़हरिया, बैकुंठपुर समेत कई विधानसभाओं में जनसभाएं करेंगी।
- 5 नवंबर को वे गौराबोड़ाम, अरवल, गया शहर और औरंगाबाद विधानसभाओं में प्रचार करेंगी।
- 6 नवंबर को मुख्यमंत्री भागलपुर, वारसलीगंज, हिसुआ और दिनारा विधानसभाओं में रोड शो और सभाओं को संबोधित करेंगी।
छह नवंबर की रात को मुख्यमंत्री के नई दिल्ली लौटने की संभावना है।