कासगंज: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस बल का आधुनिकरण अत्यंत आवश्यक है। वे कासगंज में आयोजित एक कार्यक्रम में 724 करोड़ रुपये की 60 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के अवसर पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान 191 करोड़ रुपये की लागत से बनी अत्याधुनिक पुलिस लाइंस का उद्घाटन भी किया, जो 25.63 हेक्टेयर में फैली हुई है। उन्होंने कहा कि यह नवनिर्मित पुलिस लाइंस, उत्तर प्रदेश पुलिस के आधुनिकीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। इसमें 1,000 पुलिसकर्मियों के लिए बैरक, अधिकारियों के आवास, ऑडिटोरियम और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
योगी ने कहा, “पहले पुलिसकर्मी जर्जर बैरकों में रहने को मजबूर थे, लेकिन अब उन्हें शानदार और सम्मानजनक आवासीय सुविधाएं मिल रही हैं। यह पुलिस लाइंस पूरे देश के लिए मॉडल बन सकती है।”
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार कासगंज के पौराणिक, आध्यात्मिक और बुनियादी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। योगी ने याद दिलाया कि 2008 में बने कासगंज जिले को वर्षों तक विकास के लिए तरसना पड़ा। 2017 से पहले की सरकारों के पास विकास का कोई एजेंडा नहीं था, उनके राज में केवल अराजकता और भ्रष्टाचार था। लेकिन अब कासगंज तेजी से विकास के रास्ते पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम की भी सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था पुलिस को सशक्त बनाने और राज्य की सुरक्षा को सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा, “आज यूपी पुलिस माफियाओं के लिए काल बन चुकी है। अब कोई माफिया न तो समानांतर सरकार चला सकता है, न ही गरीबों की जमीन हड़प सकता है।”
अपने संबोधन में योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सेना के आधुनिकीकरण का भी जिक्र किया और कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है, जब भारतीय सेना ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।” उन्होंने कहा, “अगर हमारे पास मजबूत सेना और बहादुर जवान न होते, तो देश की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी। आज भारत की सेना दुश्मन के घर में घुसकर उसका सफाया करने की क्षमता रखती है, और उसी तरह राज्य की आंतरिक सुरक्षा के लिए पुलिस का सशक्त होना अनिवार्य है।”