सीएम धामी ने भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से की मुलाकात, महाराष्ट्र निकाय चुनावों में महायुति की जीत पर दी बधाई

CM Dhami met with BJP's new national working president Nitin Naveen and congratulated him on the MahaYuti's victory in the Maharashtra local body elections.

नई दिल्ली: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनिुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की। इस दौरान सीएम धामी ने नितिन नबीन को उनके नए पद पर बधाई दी और पार्टी को मजबूत बनाने में उनके योगदान की सराहना की।

मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने लिखा, “नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन जी से भेंट कर उन्हें नए दायित्व के लिए बधाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में संगठन को और सशक्त बनाने की दिशा में आपके अनुभव, ऊर्जा और संगठनात्मक दक्षता से पार्टी को नई ताकत मिलेगी। आपके सफल कार्यकाल की हार्दिक शुभकामनाएं।”

नितिन नबीन की नियुक्ति को भाजपा में युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने और पीढ़ीगत बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। बिहार सरकार में मंत्री रहे 45 वर्षीय नितिन नबीन को पार्टी ने यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, जो प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के वर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में संगठन को मजबूती प्रदान करने की रणनीति का हिस्सा है। उनके संगठनात्मक अनुभव को पार्टी के विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों के लिए अहम माना जा रहा है।

इसके अलावा, सीएम धामी ने महाराष्ट्र के नगर पंचायत और नगर परिषद चुनावों में महायुति गठबंधन की शानदार जीत पर भी बधाई दी। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर लिखा, “महाराष्ट्र के नगर पंचायत व नगर परिषद चुनावों में महायुति को मिले प्रचंड जनसमर्थन पर महाराष्ट्र भाजपा एवं एनडीए परिवार के सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को हार्दिक बधाई। यह शानदार सफलता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस जी के सुशासन पर जनता के विश्वास को दर्शाती है। महायुति के पक्ष में वोट देने वाले सभी मतदाताओं को धन्यवाद।”

नितिन नबीन ने भी महाराष्ट्र निकाय चुनावों में भाजपा और महायुति की जीत की तारीफ की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “महाराष्ट्र नगर परिषद एवं नगर पंचायत चुनावों में महायुति को मिला व्यापक जनसमर्थन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के प्रति जनता के विश्वास को दिखाता है। इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व अजीत पवार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी कार्यकर्ताओं को बधाई।”

यह मुलाकात और बधाइयां भाजपा के संगठनात्मक मजबूती और चुनावी सफलताओं के उत्साह को दर्शाती हैं।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment