कांग्रेस की मुसीबतें बढ़ी, मुकेश नायक का बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पर विवादित बयान

Congress's troubles increased, Mukesh Nayak's controversial statement on the Peethadheeshwar of Bageshwar Dham

नई दिल्ली: कांग्रेस की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मध्य प्रदेश के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर विवादित बयान देकर पार्टी के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। इस बयान के बाद भाजपा कांग्रेस को घेरते हुए सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगा रही है, और कांग्रेस नेता बैक फुट पर आ गए हैं।

बागेश्वर धाम छतरपुर जिले में स्थित है, जहां आमजन से लेकर राजनीतिक दलों के नेता भी श्रद्धा और आस्था के साथ आते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी इस धार्मिक स्थल पर होने वाले समारोह में शामिल होंगे, जहां पीएम मोदी कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। पीएम के आगमन की तैयारियां जोरों पर हैं।

लेकिन, कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को ‘उचक्का’ तक कह दिया है, जिससे भाजपा हमलावर हो गई है और इसे सनातन धर्म का अपमान करार दिया जा रहा है। इसके अलावा, इस धार्मिक स्थल को लेकर श्रद्धा रखने वाले लोगों में भी नाराजगी है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की नाराजगी
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इस बयान से नाराज हैं, क्योंकि पार्टी के कई बड़े नेता जैसे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पहले बागेश्वर धाम जा चुके हैं और धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद ले चुके हैं। कमलनाथ ने तो छिंदवाड़ा में बागेश्वर धाम की कथा का आयोजन भी किया था।

कांग्रेस के लिए नई मुसीबत
कांग्रेस के लिए मुकेश नायक का बयान एक नई मुसीबत बन गया है। इससे पहले कांग्रेस ने अयोध्या में रामलला की स्थापना के दौरान आयोजित समारोह से दूरी बनाई थी और पार्टी के कई नेताओं ने कटाक्ष भी किया था। इसके अलावा, महाकुंभ और गंगा नदी को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का विवादित बयान भी सुर्खियों में आया था।

भाजपा ने किया तीखा हमला
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि शास्त्री को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता हमेशा साधु-संतों का विरोध करते रहे हैं और सनातन धर्म का अपमान करते रहे हैं। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता हमेशा से सनातन और धर्म-संस्कृति के विरोधी रहे हैं।

विज्ञप्तियों और बयानबाजी के बीच कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ भाजपा का हमला तेज होता जा रहा है, और यह मामला अब पार्टी के लिए एक नया विवाद बन चुका है।

ये खबरें भी अवश्य पढ़े

Leave a Comment