मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर लूटपाट करने वाले पति-पत्नी के शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंकज कुमार (30) और उसकी पत्नी संयोगिता कुमारी (24) के रूप में हुई है, जो सदर थाना क्षेत्र के पताही मोहम्मदपुर के निवासी हैं।
रेल पुलिस अधीक्षक डॉ. वीणा कुमारी के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया।
वृद्ध महिला को बनाया शिकार
यह मामला 21 मार्च 2026 को सामने आया, जब स्टेशन पर 65 वर्षीय महिला सुगिया देवी बेहोशी की हालत में मिलीं। पुलिस ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। होश में आने पर पीड़िता ने बताया कि एक महिला और पुरुष, जिनके साथ एक छोटा बच्चा भी था, उनके पास आकर बैठे और बातचीत के दौरान उन्हें कोल्ड ड्रिंक पिलाई। पेय पदार्थ पीते ही उन्हें चक्कर आने लगा और वे बेहोश हो गईं। होश आने पर उनके गले से सोने की ‘जितिया’ और नाक की ‘नोजपिन’ गायब थी।
सीसीटीवी से हुई पहचान, प्लेटफॉर्म से गिरफ्तारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए रेल एसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने स्टेशन और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर संदिग्ध दंपति की पहचान की गई। 22 मार्च को गुप्त सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म नंबर-06 से दोनों को बच्चे के साथ संदिग्ध स्थिति में गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में कबूला जुर्म, कई सामान बरामद
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पीड़िता ने भी उनकी पहचान की पुष्टि की। पुलिस ने आरोपियों के पास से सोना तौलने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीन, एक टैब और लोहे का कटर बरामद किया है।
फिलहाल रेल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह दंपति किसी बड़े गिरोह से जुड़ा है या नहीं और इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दे चुका है। इस कार्रवाई के बाद स्टेशन पर यात्रियों ने राहत की सांस ली है।