बगदाद: इराक से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आई है। ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच तेहरान समर्थित मिलिशिया के एक प्रमुख हेडक्वार्टर पर भीषण हवाई हमला किया गया। इस हमले में एक बड़े कमांडर समेत 14 लड़ाकों की मौके पर ही मौत हो गई। हमले के बाद मुख्यालय से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देखा गया। हालांकि, अब तक किसी भी देश या संगठन ने आधिकारिक रूप से हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन मिलिशिया गुटों ने इसका आरोप सीधे अमेरिका पर लगाया है।
अनबार प्रांत में PMF मुख्यालय बना निशाना
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक यह हमला अनबार प्रांत में स्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF) के एक अहम ठिकाने पर किया गया। यह शिया मिलिशिया संगठन ईरान का करीबी समर्थक माना जाता है। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पूरी इमारत कुछ ही पलों में मलबे में तब्दील हो गई और 14 लोगों की जान चली गई। मिलिशिया गुटों ने इस हमले को अमेरिका की कार्रवाई बताते हुए इसे इराक की संप्रभुता का गंभीर उल्लंघन करार दिया है।
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच हमला
यह एयरस्ट्राइक ऐसे समय में हुई है जब पूरे मध्य पूर्व में हालात पहले से ही बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। पिछले कुछ समय से ईरान समर्थित मिलिशिया समूह इराक और आसपास के क्षेत्रों में मौजूद अमेरिका के सैन्य ठिकानों पर लगातार हमले कर रहे थे। जानकारों का मानना है कि यह कार्रवाई उन हमलों के जवाब में की गई हो सकती है।
इस घटनाक्रम ने अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव को और भड़का दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका गहराने लगी है।