नई दिल्ली : इन दिनों देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दिल्ली समेत कई राज्यों में तापमान 45°C के पार पहुंच चुका है। तेज धूप और लू का असर सिर्फ बाहर की गर्मी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यह शरीर के अंदरूनी सिस्टम को भी नुकसान पहुंचा सकता है। ऐसे में जानना जरूरी है कि 40°C से ज्यादा तापमान शरीर पर क्या असर डालता है और इससे कैसे बचा जाए।
40°C से ऊपर तापमान क्यों होता है खतरनाक?
जब शरीर का अंदरूनी तापमान बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तब कई गंभीर समस्याएं शुरू हो सकती हैं।
- शरीर की कोशिकाएं (Cells) डैमेज होने लगती हैं
- खून की छोटी नसों और कोशिकाओं पर असर पड़ता है
- शरीर में सूजन और ब्लड क्लॉटिंग का खतरा बढ़ जाता है
- शरीर को ठंडा रखने के लिए दिल तेजी से काम करने लगता है
- इससे हार्ट अटैक, दौरे और दिल की बीमारियों का जोखिम बढ़ सकता है
किन लोगों को गर्मी से ज्यादा खतरा?
भीषण गर्मी कुछ लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है।
- 50 साल से ज्यादा उम्र के लोग
- मोटापे से जूझ रहे व्यक्ति
- दिल, फेफड़े या किडनी की बीमारी वाले मरीज
- ब्लड प्रेशर, डाइयुरेटिक्स या नींद की दवा लेने वाले लोग
- कम नमक वाली डाइट फॉलो करने वाले
- जिनकी ब्लड सर्कुलेशन क्षमता कमजोर है
डिहाइड्रेशन सबसे बड़ा खतरा
गर्मी बढ़ने के साथ शरीर से तेजी से पानी निकलता है। अगर इसकी भरपाई नहीं होती तो डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है।
इसके कारण—
- कमजोरी और चक्कर आना
- शरीर का संतुलन बिगड़ना
- ब्लड प्रेशर प्रभावित होना
- गंभीर मामलों में बेहोशी तक की नौबत आ सकती है
- WHO के मुताबिक ऐसे करें बचाव
1. घर को ठंडा रखें
- ज्यादा से ज्यादा समय घर के अंदर बिताएं
- सुबह और रात में खिड़कियां खोलें ताकि ठंडी हवा आ सके
- दिन में धूप वाली खिड़कियों को पर्दे या शटर से ढककर रखें
- कोशिश करें कि कमरे का तापमान दिन में 32°C और रात में 24°C से कम रहे
2. शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखें
- ढीले और सूती कपड़े पहनें
- जरूरत होने पर ही बाहर निकलें, बाहर जाएं तो टोपी या सिर ढकें
- बार-बार पानी पिएं, चाहे प्यास न लगी हो
- चाय, कॉफी, शराब और मीठे पेय पदार्थ कम लें
- भारी और ज्यादा प्रोटीन वाला खाना कम खाएं, हल्का भोजन लें
- ठंडे पानी से नहाएं या ठंडी सिकाई करें
3. दोपहर की धूप से बचें
- दोपहर 12 बजे से 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें
- जरूरी काम सुबह जल्दी निपटाने की कोशिश करें
- अगर घर बहुत गर्म हो जाए तो कुछ समय के लिए एसी वाली जगह जैसे मॉल या लाइब्रेरी में रहें
हीट स्ट्रोक के लक्षण कभी न करें नजरअंदाज
अगर ये संकेत दिखें तो तुरंत सावधान हो जाएं—
- तेज सिरदर्द और चक्कर आना
- घबराहट या बेचैनी महसूस होना
- त्वचा का बहुत गर्म और सूखी हो जाना
- बेहोशी या झटके जैसा महसूस होना
ऐसी स्थिति में क्या करें?
- तुरंत एम्बुलेंस या मेडिकल मदद बुलाएं
- व्यक्ति को ठंडी जगह पर लिटाएं
- पैर थोड़े ऊंचे रखें
- गर्दन, कांख और जांघों पर ठंडी सिकाई करें
- बिना डॉक्टर की सलाह पैरासिटामोल या एस्पिरिन न दें
भीषण गर्मी को हल्के में लेना भारी पड़ सकता है। सही सावधानी और समय पर बचाव ही आपको हीट स्ट्रोक और गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा सकता है।